पडरी बालिका छात्रावास में गंभीर आरोप: भोजन, इलाज और व्यवस्था पर सवाल – कलेक्टर से जांच की मांग
सिंगरौली। जिले के ग्राम पडरी स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय बालिका छात्रावास में रह रही बालिकाओं ने छात्रावास की व्यवस्था को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं।

सिंगरौली। जिले के ग्राम पडरी स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय बालिका छात्रावास में रह रही बालिकाओं ने छात्रावास की व्यवस्था को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं।
बालिकाओं का कहना है कि उन्हें न तो नियमित रूप से पौष्टिक आहार दिया जा रहा है और न ही निर्धारित मेनू चार्ट के अनुसार साग-सब्जी व अन्य खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जाती है।
छात्राओं के अनुसार छात्रावास में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता भी बेहद खराब है और कई बार पर्याप्त भोजन भी नहीं मिलता। इससे बालिकाओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
बालिकाओं ने आरोप लगाया है कि छात्रावास प्रभारी कमलेश वर्मा द्वारा बच्चों के लिए आने वाले राशन और सुविधाओं के उपयोग में अनियमितता की जा रही है। उनका कहना है कि बच्चों के हिस्से का पौष्टिक आहार सही तरीके से उपयोग नहीं हो रहा और व्यवस्थाओं में लापरवाही बरती जा रही है।
ग्रामीणों और अभिभावकों का यह भी कहना है कि छात्रावास प्रभारी की कार्यप्रणाली को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
उनका दावा है कि आज तक न तो कोई छात्रा, न और न ही चौकीदार यह स्पष्ट रूप से बता पाया है कि प्रभारी रात में छात्रावास में रुकती नही हैं या नहीं, जबकि छात्रावास में बालिकाओं की सुरक्षा और निगरानी के लिए यह आवश्यक माना जाता है।
इसके अलावा बालिकाओं ने यह भी आरोप लगाया है कि बीमार होने पर उनका इलाज किसी मान्यता प्राप्त अस्पताल के बजाय कथित रूप से झोलाछाप डॉक्टर से कराया जाता है। वहीं कुछ मामलों में मामूली सर्दी-जुकाम होने पर भी बच्चियों को घर भेज दिया जाता है और कहा जाता है कि अपने माता-पिता से दवा लेकर आएं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाज के नाम पर बिल बनाकर शासन से राशि स्वीकृत कराने की भी आशंका जताई जा रही है, जिसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है।
ग्रामीणों और अभिभावकों ने जिला कलेक्टर सिंगरौली से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और यदि अनियमितता पाई जाती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि आखिर कब तक छात्रावास में मनमानी चलती रहेगी और मासूम बालिकाओं की सुविधाओं के साथ खिलवाड़ होता रहेगा।













