विशेष जागरूकता अभियान – मैं हूँ अभिमन्यु” के तहत जिलेभर में आयोजित हुए जागरूकता कार्यक्रम
पुलिस मुख्यालय भोपाल की मंशानुसार, पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन श्री गौरव राजपूत, पुलिस उप महानिरीक्षक रीवा क्षेत्र श्री हेमंत चौहान के मार्गदर्शन में तथा पुलिस अधीक्षक श्री मनीष खत्री और नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर श्री पी.एस. परस्ते के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जिलेभर में “विशेष जागरूकता अभियान – मैं हूँ अभिमन्यु” के अंतर्गत विविध स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य है कि लैंगिक भेदभाव दूर कर महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाए और समाज में महिला-पुरुष समानता की भावना विकसित हो। अभियान के दौरान विद्यार्थियों, आमजन एवं विभिन्न सामाजिक वर्गों को यह संदेश दिया गया कि विकसित और सुरक्षित समाज का निर्माण तभी संभव है जब महिलाएँ और पुरुष समान रूप से सहभागिता निभाएँ।

पुलिस मुख्यालय भोपाल की मंशानुसार, पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन श्री गौरव राजपूत, पुलिस उप महानिरीक्षक रीवा क्षेत्र श्री हेमंत चौहान के मार्गदर्शन में तथा पुलिस अधीक्षक श्री मनीष खत्री और नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर श्री पी.एस. परस्ते के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जिलेभर में “विशेष जागरूकता अभियान – मैं हूँ अभिमन्यु” के अंतर्गत विविध स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
इस अभियान का उद्देश्य है कि लैंगिक भेदभाव दूर कर महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाए और समाज में महिला-पुरुष समानता की भावना विकसित हो। अभियान के दौरान विद्यार्थियों, आमजन एवं विभिन्न सामाजिक वर्गों को यह संदेश दिया गया कि विकसित और सुरक्षित समाज का निर्माण तभी संभव है जब महिलाएँ और पुरुष समान रूप से सहभागिता निभाएँ।
अभियान की प्रमुख गतिविधियाँ
विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में पोस्टर-बैनर और सेल्फी प्वाइंट लगाकर छात्र-छात्राओं और जनसामान्य को अभियान से जोड़ा गया।
दुर्गा पंडालों एवं सार्वजनिक स्थलों पर लोगों को महिला सुरक्षा, नारी सम्मान, आत्मनिर्भरता एवं सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक किया गया।
विद्यार्थियों और आमजन को लैंगिक भेदभाव समाप्त कर महिलाओं को योग्यता अनुसार समान अवसर प्रदान करने की शपथ दिलाई गई।
पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने समाज में व्याप्त दहेज प्रथा, भ्रूण हत्या, अशिक्षा, अश्लीलता, रूढ़िवादिता एवं असंवेदनशीलता जैसी कुरीतियों पर चर्चा कर लोगों को इनसे दूर रहने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रमों में उपस्थित लोगों ने अभिमन्यु शुभंकर कटआउट के साथ सेल्फी ली और यह संकल्प लिया कि वे स्वयं जागरूक रहेंगे एवं अपने घर-परिवार व पड़ोस के लोगों को भी जागरूक करेंगे।
महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930, चाइल्डलाइन 1098 एवं डायल 112 का भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया।
विभिन्न थाना/चौकियों में हुए कार्यक्रम
थाना माड़ा : संजय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय माड़ा एवं शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय माड़ा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। थाना प्रभारी श्री शिवपूजन मिश्रा सहित प्र.आ. बालेंद्र, आर. राजकुमार सिंह एवं अन्य स्टाफ की उपस्थिति में लगभग 100 विद्यार्थियों को शपथ दिलाई गई। साथ ही दुर्गा पंडाल रजमिलान में लोगों को लिंगभेद और महिला सुरक्षा के विषय में जागरूक किया गया।
चौकी निवास : दुर्गा पंडाल, निवास बाजार में उपनिरीक्षक प्रियंका सिंह बघेल, सउनि त्रिवेणी पाल एवं प्रधान आरक्षक दीपक शिवहरे द्वारा लगभग 150 लोगों को अभियान से जोड़ा गया और सभी को महिला सम्मान एवं समानता की शपथ दिलाई गई।
थाना विन्ध्यनगर : एनटीपीसी लेबर गेट पर उपनिरीक्षक प्रियंका मिश्रा एवं पुलिस स्टाफ की उपस्थिति में लगभग 95 नागरिकों को एकत्रित कर महिला सुरक्षा व लैंगिक समानता विषय पर जागरूक किया गया। बैनर-फ्लैक्स लगाए गए तथा जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित किए गए।
थाना नवानगर : शासकीय हाई स्कूल नवानगर में सउनि दिनेश कुमार एवं पुलिस स्टाफ द्वारा लगभग 40-50 छात्र-छात्राओं को जागरूक किया गया। उन्हें दहेज प्रथा, भेदभाव एवं असमानता जैसी बुराइयों से दूर रहने की प्रेरणा दी गई और “मैं हूँ अभिमन्यु” अभियान का उद्देश्य बताया गया।
थाना मोरवा : सी.एम. राइज विद्यालय पंजरेह में उप निरीक्षक अर्चना धुर्वे एवं अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति में लगभग 250 छात्र-छात्राओं को जागरूकता कार्यक्रम में शामिल किया गया। यहाँ बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने शपथ लेकर नारी सम्मान और सुरक्षा का संदेश दिया।
महिला थाना : सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिलौंजी में निरीक्षक आराधना सिंह परिहार, उपनिरीक्षक प्रियंका शर्मा एवं महिला पुलिस स्टाफ की उपस्थिति में लगभग 300 छात्र-छात्राओं को नारी सुरक्षा, दहेज प्रथा, अशिक्षा और अश्लीलता जैसी कुरीतियों से दूर रहने की प्रेरणा दी गई। इस अवसर पर लघु फ़िल्म दिखाकर एवं शपथ दिलाकर विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।
चौकी जयंत: लक्ष्मी मार्केट में एएसआई रवि गोस्वामी, एएसआई दीप नारायण एवं पुलिस स्टाफ द्वारा लगभग 50–60 लोगों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में नशा, अशिक्षा, दहेज प्रथा, असमानता एवं लिंगभेद जैसी बुराइयों पर विस्तार से चर्चा कर लोगों को इनसे दूर रहने की प्रेरणा दी गई।
शपथ ग्रहण
सभी कार्यक्रमों में उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं नागरिकों ने सामूहिक शपथ ली—
“हम कहीं भी, कभी भी लैंगिक भेदभाव नहीं करेंगे। हम पारिवारिक, सामाजिक एवं व्यावसायिक दायित्वों के निर्वहन में महिलाओं के साथ बराबरी का योगदान देंगे। हम समाज में ऐसा वातावरण निर्मित करेंगे जिससे नारी को उनकी योग्यता के अनुरूप उन्नति के समान अवसर उपलब्ध हो सकें। इसकी शुरुआत हम आज और अभी अपने घर से करेंगे।”













