
ग्राम बरमानी में सुबह खेत में मिला शव
मोरवा थाना क्षेत्र के गोरबी चौकी अंतर्गत ग्राम बरमानी में शनिवार सुबह एक 43 वर्षीय अधेड़ का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान शिवप्रसाद कोल, पिता रामखेलावन कोल निवासी बरमानी के रूप में हुई है।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
परिजनों द्वारा सूचना मिलने पर मोरवा निरीक्षक उमेश प्रताप सिंह एवं गोरबी चौकी प्रभारी रुद्र प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
भाई ने बताई रात की घटना
मृतक के बड़े भाई श्यामबिहारी कोल ने पुलिस को बताया कि बीती रात करीब 2 बजे तक शिवप्रसाद घर के आंगन में टहल रहा था। इसके बाद परिवार के सभी सदस्य सो गए।
सुबह करीब 6:30 बजे गांव के एक व्यक्ति ने घर से लगभग 25 मीटर दूर खेत में शिवप्रसाद का शव पड़ा देखा और तुरंत सूचना दी।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
निरीक्षक यू.पी. सिंह ने बताया कि शिवप्रसाद की मौत के कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हैं, और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।
फिलहाल गांव में शोक का माहौल
अचानक हुई इस मौत से ग्राम बरमानी में शोक की लहर है, और लोग घटना को लेकर स्तब्ध हैं। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।













