सिंगरौली

मुख्यमंत्री के संभावित दौरे से पहले तैयारियों की समीक्षा – विधायक, कलेक्टर व एसपी ने किया कार्यक्रम स्थल का संयुक्त निरीक्षण

सिंगरौली, 29 जून 2025 – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिले में तैयारियों का दौर तेज हो गया है। इसी क्रम में देवसर विधायक राजेन्द्र मेश्राम, कलेक्टर चंद्रशेखर शुक्ला, पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री एवं भाजपा जिला अध्यक्ष सुंदरलाल शाह ने संयुक्त रूप से सीएम राइज शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरई स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने हेलीपैड, वाहन पार्किंग, सभा स्थल, ग्रीन रूम, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रदर्शनी स्थल सहित अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री शुक्ला ने स्पष्ट रूप से कहा कि मुख्यमंत्री के दौरे के लिए सभी तैयारियाँ समय-सीमा में पूर्ण की जाएं। उन्होंने कार्यक्रम के लिए नियुक्त नोडल अधिकारी – जिला पंचायत सीईओ गजेंद्र सिंह नागेश के माध्यम से दैनिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।

इसके साथ ही, कलेक्टर ने विकास कार्यों की भूमिपूजन व लोकार्पण हेतु शिलालेखों की सूची तैयार करने और विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शौचालय, फायर सेफ्टी जैसी मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने पर ज़ोर दिया।

निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर पीके सेनगुप्ता, एसडीएम देवसर अखिलेश सिंह, एसडीएम सिंगरौली सृजन वर्मा, तहसीलदार सरई चंद्रशेखर मिश्रा, खनिज अधिकारी आकांक्ष पटेल, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

🔷 मुख्यमंत्री का दौरा जुलाई के प्रथम सप्ताह में संभावित है, जिससे पहले सारी व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद करने की कवायद प्रशासन द्वारा युद्धस्तर पर की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *