धक्का-मुक्की का नज़ारा: आरोपी को गाड़ी में बैठाने में माड़ा पुलिस के पसीने छूटे, थाना प्रभारी खुद उतरे मैदान में

सिंगरौली (माड़ा)। एक अनोखा नज़ारा शनिवार को माड़ा थाना परिसर में देखने को मिला, जब पुलिस आरोपी को गाड़ी में बैठाने के लिए जद्दोजहद करती रही। सबसे खास बात यह रही कि खुद थाना प्रभारी शिवपूजन मिश्रा ने मोर्चा संभाला और आरोपी को गाड़ी में बैठाने के लिए अपने हाथों से धक्का देना पड़ा।
मामला तब और दिलचस्प हो गया जब आरोपी ने भी पुलिस को बराबरी की टक्कर देते हुए लगातार खुद को गाड़ी से बाहर निकालने की कोशिश की। यह पूरा घटनाक्रम कुछ मिनटों तक चला, जिसमें पुलिस बल के अन्य जवान भी सहयोग करते नजर आए।
सूत्रों के अनुसार, आरोपी पर मारपीट का आरोप है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने गिरफ्तारी के दौरान और थाने में पूछताछ के समय भी काफी नाटक किए और सहयोग नहीं किया। लेकिन आखिरकार थाना प्रभारी मिश्रा की सख्ती और टीम की मेहनत रंग लाई और आरोपी को वाहन में बैठाकर थाने से कोर्ट रवाना किया गया।

इस पूरे घटनाक्रम ने न केवल पुलिस की मेहनत को उजागर किया, बल्कि यह भी दिखा दिया कि कानून की पकड़ से बच पाना आसान नहीं है, चाहे कोई कितना भी विरोध करे।
थाना प्रभारी शिवपूजन मिश्रा ने मीडिया से बातचीत में कहा,
“हमारी प्राथमिकता कानून व्यवस्था बनाए रखना है। आरोपी चाहे कितना भी नाटक करे, हम उसे कानून के अनुसार उचित स्थान तक पहुँचाएंगे।”
यह घटना सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही है, जिसमें लोग पुलिस की कार्यशैली की सराहना कर रहे हैं, वहीं कुछ लोग आरोपी की इस हरकत को कानून का मज़ाक बता रहे हैं।













