18 मई से लापता था बुजुर्ग, पंचायत ऑफिस के पीछे मिले खून के धब्बे, ओडिशा की ये वारदात सुन रूह कांप जाएगी
रूपसिंह के भाई दुर्जन माझी ने 20 मई को कलामपुर पुलिस थाने में उनके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस को जांच के दौरान 23 मई को देयपुर पंचायत कार्यालय के पीछे खून के धब्बे मिले, जिससे अनहोनी की आशंका पैदा हुई।

ओडिशा के कालाहांडी जिले में एक दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। यहां जादू-टोना करने के शक में एक 65 साल के बुजुर्ग का सिर धड़ से अलग कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि बिना सिर की लाश देयपुर गांव के एक तलाब से बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान कलामपुर पुलिस थाना क्षेत्र के देयपुर गांव निवासी रूपसिंह माझी के रूप में हुई है।
रूपसिंह की कथित हत्या 18 मई की रात को की गई थी। रूप सिंह का धड़ गांव के एक बड़े तालाब बैजहाली सागर से बरामद किया गया, जबकि सिर की तलाश अब भी जारी है। रूपसिंह के भाई दुर्जन माझी ने 20 मई को कलामपुर पुलिस थाने में उनके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। दुर्जन ने बताया था कि उनका भाई दो दिन से घर नहीं लौटा है।
पुलिस को जांच के दौरान 23 मई को देयपुर पंचायत कार्यालय के पीछे खून के धब्बे मिले, जिससे अनहोनी की आशंका पैदा हुई। आगे की जांच में खुलासा हुआ कि रूपसिंह के लापता होने के कुछ समय बाद से ही एक स्थानीय युवक गांव छोड़कर चला गया है। पुलिस ने कहा कि संदिग्ध 21 वर्षीय युवक को गोवा से पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान युवक ने स्वीकार किया कि उसने पंचायत कार्यालय परिसर में कुल्हाड़ी से रूपसिंह की हत्या कर दी और शव बैजहाली सागर तलाब में फेंक दिया।













