गोरबी–पड़री क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार का आरोप, रातों-दिन सक्रिय बताए जा रहे माफिया सिंगरौली।

जिले के–पड़री क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार एक बार फिर सुर्खियों में है। सूत्रों के अनुसार, देवेंद्र दुबे और नितेश नामक दो व्यक्ति लंबे समय से क्षेत्र में अवैध कोयले के कारोबार से जुड़े बताए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इनकी गतिविधियाँ दिन ही नहीं, बल्कि रातों-दिन बिना किसी रोक-टोक के जारी हैं।
ग्रामीणों व क्षेत्रीय सूत्रों का कहना है कि कोल माफिया द्वारा हाईवे टेलर जैसे बड़े वाहनों में कोयले की खुलेआम लोडिंग की जा रही है। बताया जा रहा है कि रोजाना सीसीएल क्षेत्र से कोयले की चोरी कर भारी मात्रा में ढुलाई हो रही है।
हैरानी की बात यह है कि यह पूरा कार्य जेसीबी जैसी भारी मशीनों की मदद से किया जा रहा है, जो प्रशासनिक अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इतना बड़ा अवैध कारोबार होने के बावजूद संबंधित विभागों द्वारा कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है।
इससे आमजन में यह चर्चा तेज हो गई है कि प्रशासनिक स्तर पर लापरवाही या मौन सहमति के कारण अवैध कारोबारियों के हौसले बुलंद हैं। लोगों का कहना है कि मानो प्रशासन की आंखों पर पट्टी बंधी हो और वह गहरी नींद में लिप्त नजर आ रहा है।
ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि अवैध कोयला कारोबार से न केवल सरकारी राजस्व को भारी नुकसान हो रहा है, बल्कि क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, सड़क सुरक्षा और पर्यावरण पर भी गंभीर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। कई बार शिकायतें किए जाने के बावजूद कार्रवाई न होने से लोगों में रोष और असंतोष बढ़ता जा रहा है।
अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन और संबंधित विभाग इन गंभीर आरोपों की निष्पक्ष जांच कर क्या कदम उठाते हैं, या फिर गोरबी–पड़री क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार यूँ ही फलता-फूलता रहेगा।
👉 प्रशासन से स्थानीय लोगों की प्रमुख मांगें:
अवैध कोयला कारोबार की उच्चस्तरीय व निष्पक्ष जांच
दोषियों पर कड़ी व उदाहरणात्मक कार्रवाई
रात्रिकालीन गश्त और सतत निगरानी की ठोस व्यवस्था
भारी मशीनों व अवैध परिवहन पर तत्काल रोक













