लड़की ने फोन नहीं उठाया तो वाराणसी से मुंबई पहुंच गया युवक, खौफनाक वारदात को दिया अंजाम
वाराणसी से मुंबई पहुंचकर 19 वर्षीय युवक ने फोन न उठाने पर 17 साल की लड़की के साथ खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। आरोपी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

मुंबई: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के वाराणसी से आए एक 19 साल के युवक को मुंबई पुलिस ने एक 17 साल की लड़की पर हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी ने लड़की को गालियां भी दीं और उसका मोबाइल फोन तोड़ दिया।
यह घटना 24 मई को कांदिवली (पश्चिम) के संजय नगर में गोसालिया रोड पर हुई। आरोपी की पहचान राहुल सिंह के रूप में हुई है और उसने लड़की पर इसलिए हमला किया क्योंकि वह उसका फोन नहीं उठा रही थी।
पुलिस के मुताबिक, राहुल ने लड़की को गालियां दीं और सड़क पर पड़ी एक ईंट उठाकर उसके सिर पर मार दी। इतना ही नहीं, उसने लड़की का मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। इस हमले में लड़की को गंभीर चोटें आईं, और उसे तुरंत शताब्दी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि राहुल और लड़की एक-दूसरे को अच्छी तरह जानते थे। राहुल खास तौर पर वाराणसी से मुंबई इसलिए आया था क्योंकि लड़की उससे बात नहीं कर रही थी। पुलिस ने राहुल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत मामला दर्ज किया है।













